शाल बनी गले की फांस, युवक ने तोड़ा दम 

गाजीपुर। गन्ने की पेराई करते समय पेराई करने वाली मशीन में शॉल फंसने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सादात थाना क्षेत्र के शिकारपुर गांव में रविवार को तड़के हुआ। हादसे से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। देखते ग्रामीण की भारी भीड़ घटना स्थल पर पहुंच गई।                          बताया गया कि ग्राम पंचायत शिकारपुर के दिलावलपुर मौजा निवासी दिनेश यादव (36 वर्ष) पुत्र स्व. राम मूरत यादव अलसुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित खलिहान पहुंचा। वह वहां मशीन में गन्ना की पेराई करने लगा। सम्भवतः उसी दौरान गले में लिपटा शाल मशीन में फंस गया, जिससे उसकी गर्दन बुरी तरह फंस कर मुड़ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ बाद उधर से गुजरते ग्रामवासी विलास यादव की नजर उन पर पड़ी। मशीन के पास दिनेश को मृत अवस्था में पड़ा देखकर उन्होंने शोर मचाकर लोगों को बुलाया। मृतक दिनेश यादव छह भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके दो पुत्र प्रीतम 12 वर्ष और प्रियांशु 10 वर्ष हैं। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की मां दुर्गावती देवी और पत्नी प्रमिला यादव सहित के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन  रहा।


    ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची सादात थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर  पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

Views: 138


Leave a Reply