कुंडा में श्रीराम कथा सुनने उमड़ी श्रद्धालुओं की अपार भीड़

कथा के दूसरे दिन दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु, जगह नहीं मिलने पर परिसर के बाहर बैठकर सुनी कथा


प्रतापगढ़। कुंडा में सियासत और आस्था का महा संगम बना हुआ है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के मुखिया कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भ‌इया द्वारा बेंती में आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और मंत्रियों की भी भागीदारी रही। 

  रामकथा के पहले ही दिन मंगलवार को कथा मंडपम में भाजपा नेताओं,सांसदों और योगी सरकार के मंत्रियों की मौजूदगी रही। झारखंड के भाजपा नेता लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे, कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री और मुजफ्फरनगर से पूर्व भाजपा सांसद संजीव बालियान, प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सपा से बगावत कर भाजपा में आए कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय, गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह और गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह, पभाजपा एमएलसी और बाहुबली नेता विनीत सिंह, सुल्तानपुर से भाजपा एमएलसी शैलेंद्र सिंह, लखनऊ के शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी, और आजमगढ़ से पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह, भाजपा नेता और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय सहित काफी दिग्गज नेताओं की रामकथा में उपस्थिति दर्ज की गयी। वहीं योग गुरु बाबा रामदेव और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष स्वामी रविंद्र पुरी समेत कई बड़े संत भी रामकथा में मौजूद रहे। सनातन धर्म की मजबूती पर जोर देते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि लोगों को आपस में बंटना नहीं चाहिए,बल्कि सनातन की एकजुटता बनाए रखते हुए अपने धर्म और राष्ट्र धर्म को मजबूत करना चाहिए।

        सपा मुखिया अखिलेश यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए बयान को लेकर इस कथा के आयोजन पर सवाल उठाए थे, इसके जवाब में कथा के मंच से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए कार सेवा में साथ आने का आह्वान किया।

         सनातन धर्म का जिक्र करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सनातन किसी की दया पर निर्भर नहीं है, इसका इतिहास सतयुग से शुरू होता है, यह सतयुग,त्रेता और द्वापर में भी था और कलियुग में भी रहेगा। बृजभूषण ने विरोधियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि जिन लोगों को अपना धर्म और इतिहास नहीं पता,उन्हें अपना इतिहास खुद खोजना चाहिए। 

        पूज्य सरकार की श्रीराम कथा के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा श्रवण के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते कथा स्थल पर बनाए गए तीनों विशाल पंडाल भर गए। इसके बावजूद भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और लोगों को पंडालों में जगह नहीं मिलने पर परिसर के बाहर रहकर कथा सुननी पड़ी।

     कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो गया था। कथा का समय नजदीक आने के साथ ही भीड़ बढ़ती गई और देखते ही देखते तीनों पंडाल श्रद्धालुओं से भर गए। आयोजन में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की भी अच्छी भागीदारी रही।

      कथा के दौरान परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालु पूरी तन्मयता से श्रीराम कथा का श्रवण करते रहे। भगवान श्रीराम के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा।

     दूसरे दिन उमड़ी भीड़ से श्रीराम कथा के प्रति लोगों की आस्था और आयोजन के प्रति उत्साह का पता चला। तीन विशाल पंडालों में व्यवस्था के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का बाहर रहना आयोजन में लोगों की व्यापक भागीदारी को दर्शाता है।

     

      

     

Views: 5


Leave a Reply