कोहरे से पहले एनएच पर सुरक्षा इंतजाम पूरे, नौ स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें

दुर्घटना संभावित 11 स्थलों पर चेतावनी संकेत, ब्लिंकर्स व सड़क मार्किंग


गाजीपुर। आगामी शीत ऋतु और कोहरे के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए एनएच-31 (पूर्ववर्ती एनएच-29) पर सुरक्षात्मक इंतजाम किए गए हैं। 

        वाराणसी-गोरखपुर मार्ग के जिले में पड़ने वाले हिस्से पर रात के समय दृश्यता बढ़ाने, वाहन चालकों को सतर्क करने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा उपाय मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्य कराए गए हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के अनुसार, राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से चिह्नित सुरक्षा कार्य पूरे करा लिए गए हैं।

      बताते चलें कि राजमार्ग के प्रमुख जंक्शनों, अंडरपास और बाईपास पर रात्रिकालीन दृश्यता बेहतर बनाने के लिए नौ चिह्नित स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें लगाई गई हैं। इनमें औड़िहार, जौहरगंज, सैदपुर अंडरपास, नंदगंज बाईपास, महाराजगंज बाईपास और जंगीपुर बाईपास प्रमुख हैं। इन लाइटों से रात में वाहन चालकों को सड़क और आसपास की स्थिति देखने में सहूलियत मिलेगी।

   इसी क्रम में जिला सड़क सुरक्षा समिति की ओर से चिह्नित 11 दुर्घटना संभावित स्थलों पर भी सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। इसमें चौकिया पुलिया, महाराजगंज तिराहा, रामपुर बंतरा, नैसारा कट, रेवसा कट, सहेड़ी कट, औड़िहार तिराहा, तलवल मोड़, अलावलपुर कट, देवकठिया नरूल्लपुर और जंगीपुर समेत चिह्नित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप्स, ट्रांसवर्स बार मार्किंग, सोलर ब्लिंकर और चेतावनी संकेतक लगाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालक संभावित खतरे को देखते हुए गति नियंत्रित कर सकें।

कोहरे के दौरान सड़क और डिवाइडर की पहचान आसान बनाने के लिए अधिकृत मीडियन ओपनिंग तथा तीखे मोड़ों के आसपास 300 मीटर के दायरे में सोलर स्टड लगाए गए हैं। वहीं, बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 10 स्थानों पर स्कूल संबंधी चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित किए गए हैं।

इसके अलावा, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए राजमार्ग पर 34 अनधिकृत मीडियन कट बंद कराए गए हैं। प्रशासन के मुताबिक, सर्दी और कोहरे के मौसम में सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ये सभी सुरक्षात्मक कार्य पूरे कराए गए हैं।

Views: 12


Leave a Reply