छठ पूजा के दौरान तीन घरों में चोरी का खुलासा
तीन गिरफ्तार आरोपियों से पांच लाख के आभूषण और 30 हजार रुपये बरामद
गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान बंद घरों का ताला तोड़कर चोरी की गई तीन घटनाओं का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा किया है। मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, छठ पर्व के दौरान कुछ परिवार घरों में ताला बंद कर घाट पर पूजा करने गए थे। इसी दौरान चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में नंदगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर कुसुम्ही कलां गांव के पोखरे के पास कूड़ाघर के निकट से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान धरवां गांव निवासी आशीष कुमार (20) पुत्र रविन्द्र राम, रोहित कुमार (23) पुत्र अवधेश नारायण राम और आशीष कुमार (19) पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, पीली धातु के तीन मंगलसूत्र लॉकेट, दो जोड़ी कान के टॉप्स, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी झाला, एक छोटा हार, दो गले की सिकड़ी, तीन अंगूठियां और सात गुरिया बरामद की हैं। इसके अलावा सफेद धातु की चार जोड़ी पायल, दो मल्टीमीडिया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित आशीष कुमार पुत्र रविन्द्र राम के खिलाफ नंदगंज थाने में चोरी और बरामदगी से संबंधित दो अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। मामले में तीनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के सुपुर्द किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक हरीशचंद्र सिंह और उनके हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Views: 0









