शार्प शूटर की पत्नी के नाम दर्ज सात करोड़ की संपत्ति कुर्क
गैंगस्टर एक्ट के तहत मुहम्मदाबाद क्षेत्र में स्थित तीन भूखंड जब्त
गाजीपुर। संगठित अपराध से अर्जित धन से अपनी पत्नी के नाम पर संपत्ति खरीदने के आरोप में, आईएस-191 गैंग सरगना कुख्यात माफिया मरहूम मुख्तार अंसारी के मुख्य शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन की तीन अचल संपत्तियों को जिला प्रशासन ने कुर्क कर लिया। इन संपत्तियों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब सात करोड़ रुपये है। कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, आईएस-191 गैंग सरगना कुख्यात माफिया मरहूम मुख्तार अंसारी के मुख्य शार्प शूटर अंगद राय उर्फ अंगद राय उर्फ झूलन पुत्र सर्वदेव राय निवासी शेरपुर खुर्द, थाना भांवरकोल पर संगठित अपराध के जरिए धन अर्जित कर अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर संपत्तियां खरीदने का आरोप है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी की ओर से 27 अक्टूबर 2026 को भेजी गई रिपोर्ट और पुलिस अधीक्षक की संस्तुति के आधार पर जिलाधिकारी ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्की का आदेश जारी किया था। इसी आदेश के क्रम में बुधवार को राजस्व और पुलिस टीम ने जब्तीकरण की कार्रवाई की।
कुर्क की गई संपत्तियों में मुहम्मदाबाद तहसील के गिरधरिया मौजा स्थित दो भूखंड शामिल हैं। इनमें एक भूखंड 95.3 वर्ग मीटर का है, जिसे सरिता राय ने तीन लाख रुपये में खरीदा था। दूसरा 212 वर्ग मीटर का भूखंड दान के माध्यम से उनके नाम दर्ज कराया गया था। इसके अलावा हैदरिया मौजा में 80.15 वर्ग मीटर का आवासीय भूखंड भी कुर्क किया गया है, जिसे 13 लाख रुपये में खरीदे जाने का उल्लेख अभिलेखों में है। पुलिस ने बताया कि अंगद राय के खिलाफ भांवरकोल, कोतवाली, मुहम्मदाबाद और नंदगंज थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के कुल 25 मुकदमें दर्ज हैं।
कुर्की की कार्रवाई कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम और मुहम्मदाबाद के तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह की मौजूदगी में राजस्व टीम ने पूरी की।
Views: 56










