पांच वर्ष पुराने वादों का प्राथमिकता से करें निस्तारण
डीएम ने जनता दर्शन में उपजिलाधिकारियों को दिए निर्देश, खाद-बीज की उपलब्धता, गोआश्रय स्थलों और सड़क सुरक्षा पर भी जोर
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शासन के निर्देशों के क्रम में जिले के सभी उपजिलाधिकारियों को पांच वर्ष से अधिक पुराने लंबित वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जनता दर्शन के दौरान स्पष्ट किया कि पुराने मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए एआर कोऑपरेटिव के साथ समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यकता के अनुसार लेखपालों की ड्यूटी लगाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों को खाद-बीज के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और उनकी जरूरत के अनुरूप उपलब्धता बनी रहे।
गोआश्रय स्थलों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि सभी केंद्रों पर गोवंशों के लिए चारा, पानी, प्रकाश और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहनी चाहिए। वहीं, बिना अनुमति किसी भी स्थान पर मूर्ति स्थापित न होने देने के निर्देश देते हुए उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने को कहा।
आगामी कोहरे के मौसम को देखते हुए सड़क सुरक्षा के उपाय समय से पूरे कराने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-31, गाजीपुर-बारा-बक्सर मार्ग, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर और अन्य जरूरी सुरक्षात्मक इंतजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी प्रवेश बिंदुओं सहित नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई कराने को कहा। इसके लिए संबंधित अधिशासी अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने तथा कर्मचारियों के लंबित मानदेय के मामलों में मुख्य विकास अधिकारी से संवाद स्थापित कर शीघ्र निस्तारण कराने को भी कहा।
Views: 8










