यूरिया-डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता, ओवररेटिंग पर होगी कार्रवाई

यूरिया 34 हजार मीट्रिक टन और डीएपी 7400 मीट्रिक टन उपलब्ध, खाद वितरण के लिए लेखपालों की लगाई गई ड्यूटी


गाजीपुर। जनपद में खाद की कमी को लेकर किसानों की चिंता के बीच जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि जिले में यूरिया और डीएपी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे खाद की उपलब्धता को लेकर परेशान न हों और निर्धारित सरकारी दर पर ही खाद खरीदें। निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

     जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में लगभग 34 हजार मीट्रिक टन यूरिया और 7400 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। चार-पांच दिन पहले सैदपुर क्षेत्र की कुछ सरकारी दुकानों पर खाद उपलब्ध न होने की शिकायत सामने आई थी। इस पर प्रशासन ने तत्काल कदम उठाते हुए निजी क्षेत्र से 600 मीट्रिक टन खाद सरकारी दुकानों के लिए डायवर्ट कराई थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी लगभग 350 मीट्रिक टन खाद प्राप्त हुई है। इसके साथ ही आधी रैक मिल चुकी है और आगामी तीन से चार दिनों में डीएपी की एक और रैक आने की संभावना है।

       जिलाधिकारी ने खाद की निर्धारित कीमतों की जानकारी देते हुए बताया कि यूरिया का सरकारी मूल्य 266 रुपये और डीएपी का मूल्य 1350 रुपये प्रति बोरी है। इससे अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी समिति के सचिव द्वारा ओवरचार्जिंग की जाती है तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं, किसी सोसायटी को बंद रखने या खाद वितरण में लापरवाही बरतने की शिकायत मिलने पर भी संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।

खाद वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने लेखपालों की ड्यूटी लगाई है। राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभाग पुलिस के सहयोग से वितरण व्यवस्था की निगरानी करेंगे। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि यदि किसी सोसायटी में सचिव खाद वितरण नहीं करता या अनावश्यक रूप से केंद्र बंद रखता है तो इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि पूर्व में धरना-प्रदर्शन करने वाले एक सचिव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है।

Views: 12


Leave a Reply