ओलंपिक पदक विजेता राजकुमार पाल सम्मानित
प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने 51 हजार रुपये का डेमो चेक, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
गाजीपुर। अर्जुन अवार्ड से सम्मानित और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल का बुधवार को राइफल क्लब सभागार में सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने राजकुमार पाल को माल्यार्पण कर 51 हजार रुपये का डेमो चेक, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि राजकुमार पाल ने हॉकी में अपने प्रदर्शन से गाजीपुर के साथ ही प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। अर्जुन अवार्ड और ओलंपिक पदक उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से राजकुमार पाल के संघर्ष और अनुशासन से प्रेरणा लेने की अपील की। कहा कि खेल के साथ शिक्षा और अच्छे संस्कार भी जीवन में सफलता के लिए जरूरी हैं। गाजीपुर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन देने की आवश्यकता है।
सम्मान से अभिभूत राजकुमार पाल ने मंत्री, जिला प्रशासन और जनपदवासियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2008 से उन्होंने हॉकी खेलना शुरू किया था। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी के जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व है। यह सम्मान उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने और नई पीढ़ी को हॉकी के प्रति प्रेरित करेगा।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी राजकुमार पाल को बधाई देते हुए युवाओं से उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे।
Views: 11










