केबिल तार चोरी मामलों में पच्चीस हजारी इनामियां गिरफ्तार

गाजीपुर। शादियाबाद थाना पुलिस ने बिजली के केबिल तार चोरी के दो मामलों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामियां आरोपित को सिरगिथा पावर हाउस के गेट के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नंदगंज थाना क्षेत्र के पिपरही गांव निवासी प्रमोद कुमार बिन्द (32) पुत्र प्रभुनाथ बिन्द के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शादियाबाद क्षेत्र में बसिला से सराय गोविन्द के बीच बिजली के तार चोरी की दो घटनाएं हुई थीं। पहली घटना में सात फरवरी 2026 को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र जखनियां के अवर अभियंता सुनील कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने खंभों के बीच से करीब 20 स्पान केबिल काटकर चुरा लिया है। इस मामले में शादियाबाद थाने में मुकदमा अपराध संख्या 35/2026 दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना 18 फरवरी 2026 की है। इसमें भी उसी मार्ग पर करीब 10 स्पान यानी लगभग 1575 मीटर एसीएसआर डॉग कंडक्टर काटकर चोरी कर लिया गया था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.70 लाख रुपये बताई गई थी। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 44/2026 दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में वांछित प्रमोद कुमार पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर और शादियाबाद थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Views: 9








