बिना हेलमेट और  तीन सवारी पर चला चेकिंग अभियान

पूरे जिले में हुई वाहन जांच, नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान और संदिग्ध वाहनों पर हुई कार्रवाई


गाजीपुर। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को पुलिस ने पूरे जिले में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। शाम चार से छह बजे तक चले अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और तीन सवारी बैठाकर यात्रा करने वालों की जांच कर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।

        पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण तथा सभी क्षेत्राधिकारियों की निगरानी में जिले के विभिन्न थानों, प्रमुख चौराहों, तिराहों और संवेदनशील मार्गों पर वाहनों की जांच की गई।

       अभियान के दौरान संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों और आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे कुछ वाहनों को सीज भी किया। साथ ही चेकिंग में लगे पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों, परीक्षार्थियों और परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने के निर्देश दिए गए थे।

       गाजीपुर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट का प्रयोग करें और ट्रिपल राइडिंग से बचें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

Views: 20


Leave a Reply