वीरों के पदचिन्हों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि 

गाजीपुर। श्री राम कृपा मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। ट्रस्ट की अध्यक्ष आराधना सिंह के नेतृत्व में नगर के सैनिक चौराहे पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया। इसके अतिरिक्त झींगुर पट्टी स्थित सरदार भगत सिंह पार्क में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं, छात्रों तथा स्थानीय नागरिकों ने भी वीर शहीदों को नमन कर उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की सीख दी।


         इस अवसर पर आराधना सिंह ने उपस्थित सभी युवाओं एवं स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार जामवंत जी ने भगवान श्री हनुमान जी को उनकी शक्ति का स्मरण कराकर उन्हें जागृत करने का कार्य किया था, उसी प्रकार आज आवश्यकता है कि देश का युवा भी अपने भीतर की राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी को जागृत करे। कारगिल के वीर शहीदों से लेकर सरदार भगत सिंह, छत्रपति शिवाजी महाराज और देश के असंख्य वीरों ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। इन महान वीरों ने कभी जाति, धर्म या भेदभाव को अपने राष्ट्रधर्म से ऊपर नहीं रखा, बल्कि देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। आज की युवा पीढ़ी को भी इन वीर सपूतों के जीवन और बलिदान से प्रेरणा लेकर देशहित, समाजहित और राष्ट्र की एकता के लिए काम करना ही बलिदानी वीरों के  प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

      कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी युवाओं, स्थानीय नागरिकों एवं उपस्थित गणमान्यजनों के प्रति आराधना सिंह ने आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

Views: 15


Leave a Reply