प्रादेशिक एथलेटिक्स में गाजीपुर के खिलाड़ियों ने जीते तीन पदक
शुभम यादव ने 200 मीटर में स्वर्ण और 4×100 मीटर रिले में रजत जीतकर पूरी की पदकों की हैट्रिक बस
गाजीपुर। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में चल रही 70वीं प्रादेशिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता के चौथे दिन सोमवार को गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण समेत तीन पदक अपने नाम किए।

वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व कर रहे सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बहरियाबाद के एथलीट शुभम यादव ने अंडर-19 बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपने पदकों की संख्या तीन कर ली। इससे पहले शुभम 100 मीटर दौड़ में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
वहीं, टाउन नेशनल इंटर कॉलेज सैदपुर के अनिल बिंद ने 800 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल कर जिले की पदक तालिका में एक और इजाफा किया।
प्रतियोगिता के पिछले दिनों भी गाजीपुर के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया था। बापू इंटर कॉलेज सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत, एमए अंसारी इंटर कॉलेज मोहम्मदाबाद के कृष्णा प्रजापति ने हाई जंप में कांस्य तथा नेहरू विद्यापीठ रेवतीपुर की आरती यादव ने अंडर-17 बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह समेत प्रधानाचार्यों दिनेश यादव, रामप्रकाश, उदयराज, विजय शंकर राय, कमरुद्दीन, शिवकुमार सिंह, अंजनी सिंह, रामपलट यादव, तरुण, मनोज यादव, लालबहादुर, इंद्रजीत, संजीव, रीना पांडेय, उदय शर्मा, रामआशीष, गौरव सिंह, अखंड राय, सूर्यप्रकाश राय और इब्राहिम खान ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Views: 7









