ज्वेलरी शॉप लूट के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार
दो घंटे के भीतर पुलिस के दबोचा, पांच चेन, दो पिस्टल, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद
गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के बंशी बाजार स्थित संगिनी ज्वेलर्स में शनिवार शाम फायरिंग कर हुई लूट के मामले में पुलिस ने करीब दो घंटे के भीतर दो आरोपितों को दौराने मुठभेड़ घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित भागने की कोशिश कर रहे थे। उनके पास से लूटी गई पांच पीली धातु की चेन, दो पिस्टल, दो खोखे, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी बरामद किया गया।
बताते चलें कि शनिवार 31अक्टूबर की शाम करीब 6:40 बजे बंशी बाजार स्थित संजय कुमार वर्मा की ज्वेलरी दुकान पर तीन बदमाशों ने फायरिंग करते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। आरोपितों की गिरफ्तारी और घटना के अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया।
वादी शिवम कुमार वर्मा की तहरीर पर कोतवाली थाने में तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मीरनपुर शक्का मोड़ के पास दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस और आरोपितों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नोनहरा थाना क्षेत्र के खतीरपुर निवासी संजय दुबे उर्फ पप्पू (42वर्ष) और पुष्कर दुबे (21वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक संजय दुबे के खिलाफ पूर्व में जाली मुद्रा से संबंधित धाराओं और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ लूट के मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस तीसरे आरोपित की तलाश के साथ घटना की जांच में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह और उनकी टीम तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।
Views: 19









