बे मौसम बारिश से फसलों पर आया संकट, खेतों से खलिहान तक नुकसान
तेज हवाओं से खेतों में गिरी तैयार फसलें, जलभराव से सरसों और आलू की फसल प्रभावित
गाजीपुर। चक्रवाती तूफान अर्णव के प्रभाव से जिले में हो रही बेमौसम बारिश ने सामान्य जनजीवन के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी तैयार फसलों के साथ खलिहानों में काटकर रखी गई उपज के भी प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है।
बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं के कारण खेतों में तैयार फसलें कई स्थानों पर जमीन पर गिर गई हैं। खेतों में गिरी फसल के भीगने से उसके खराब होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं जिन किसानों ने फसल काटकर खलिहानों में रखी थी, वहां भी बारिश का पानी पहुंचने से उपज के भीगने और गुणवत्ता प्रभावित होने की समस्या सामने आ रही है।
सबसे अधिक परेशानी खेतों में नई बोई गई फसलों को लेकर बताई जा रही है। लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी जमा होने से सरसों और आलू की हाल में बोई गई फसल प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि कई खेतों में जलभराव की स्थिति बनने से शुरुआती अवस्था में लगी फसल के खराब होने की आशंका बढ़ गई है। अब बीज जमीन में ही सड़ जायेंगे और फिर दुबारा बोने पर एक तरफ जहां जुताई, खाद और बीज पर पैसा खर्च होगा, वहीं देर होने से फसल भी प्रभावित होगी।
बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर भी पानी फेरने की स्थिति पैदा कर दी है। तैयार फसल को सुरक्षित करने के साथ-साथ खलिहानों में रखी उपज को भी बचाने की चुनौती किसानों के सामने है। किसानों ने फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराकर आवश्यक राहत और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
Views: 1








