प्रदेशीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों ने जीते तीन पदक 

गाजीपुर। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्टूबर से चल रही 70वीं प्रादेशिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दिन तीन पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।


क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने बताया कि सुभाष विद्या मंदिर, बहरियाबाद के शुभम यादव ने अंडर-19 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं बापू इंटर कॉलेज, सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। एमए अंसारी इंटर कॉलेज, मोहम्मदाबाद के कृष्णा प्रजापति ने हाई जंप स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।

इससे पहले प्रतियोगिता के पहले दिन रेवतीपुर की आरती यादव ने अंडर-17 बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर गाजीपुर के खाते में पदक दर्ज कराया था। इस तरह प्रतियोगिता में अब तक जिले के खिलाड़ियों ने कुल चार पदक हासिल किए हैं।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और खेल शिक्षकों ने बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

Views: 9


Leave a Reply