‘चेतना सम्मान’ से सम्मानित हुए लोकगायक मदन राय
साहित्य चेतना समाज का 41वां स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न
गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज का 41वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को नगर के रघुवंशी पैलेस वंशीबाजार में सम्पन्न हुआ। राजकीय गाज़ीपुर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र सिंह राजपूत तथा डाक अधीक्षक मासूम रजा राशदी के आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ। संजय कुमार पांडेय की सरस्वती वंदना के उपरान्त संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनसहयोग से साहित्य चेतना समाज पिछले चार दशकों से गाजीपुर सहित आसपास के जनपदों में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक जागरण के लिए कार्य कर रहा है।

समारोह में निर्गुण गायन के लिए प्रसिद्ध लोकगायक मदन राय को संस्था के ‘चेतना सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मान के बाद मदन राय ने भजन, गजल, निर्गुण एवं पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी।
संगीत संध्या में राजेश राय निराला, माया नायर, रामअलम सिंह, आर्या राय, राजू यादव, प्रभु पांडेय, खुशी चौधरी, यशस्विनी पांडेय और अनिल वेदांती ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। वाद्य संगत से कलाकारों ने कार्यक्रम को प्रभावी बनाया।
इस अवसर पर संस्था की मीरजापुर इकाई के प्रभारी आनंद अमित ने वहां आयोजित कार्यक्रमों के चित्रों का संकलन तथा आनंद प्रकाश अग्रवाल ने गाजीपुर में संस्था की गतिविधियों से संबंधित समाचार-पत्रों में प्रकाशित खबरों का संकलन पदाधिकारियों को भेंट किया।
समारोह में डॉ. सानंद सिंह, दिलीप आर्य, नवीन सिंह, विपिन बिहारी राय, डॉ. रविनंदन वर्मा, राजीव मिश्र, शशिकांत राय, शिवम प्रकाश त्रिपाठी, डॉ. अंबिका पांडेय, डॉ. संतोष सिंह, डॉ. दिनेश सिंह, संगीता तिवारी, सीमा सिंह, रागिनी त्रिपाठी सहित साहित्य एवं कला क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे। संचालन अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने तथा धन्यवाद ज्ञापन संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।
Views: 22









