वाराणसी जोन पुलिस की अंतर्जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता आरंभ 

उद्घाटन मुकाबलों में आजमगढ़ और मऊ पुलिस की टीमों ने दर्ज की जीत


गाजीपुर। पुलिस लाइन स्थित क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को वाराणसी जोन पुलिस की 27वीं अंतरजनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। त्रि दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण और गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, भदोही और चंदौली की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबलों का लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है।

       उद्घाटन से पूर्व अधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ भी दिलाई गई। प्रतियोगिता तीन नवंबर से पांच नवंबर तक चलेगी। इस दौरान पुलिस लाइन के अलावा पीजी कॉलेज के मैदान पर भी मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।

आजमगढ़ ने मिर्जापुर को 17 रन से हराया

पहले दिन पुलिस लाइन मैदान पर मिर्जापुर और आजमगढ़ के बीच मुकाबला हुआ। मिर्जापुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। आजमगढ़ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 147 रन बनाए। पिंटू ने सर्वाधिक 39 रन का योगदान दिया। मिर्जापुर की ओर से एस्तियाक अली ने चार विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिर्जापुर की टीम 17.4 ओवर में 130 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। आशीष कुमार ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। आजमगढ़ ने यह मुकाबला 17 रन से जीत लिया। मिर्जापुर की ओर से पिंटू ने तीन विकेट लिए।

मऊ ने भदोही को 15 रन से हराया

पीजी कॉलेज मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में भदोही ने टॉस जीतकर मऊ को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मऊ की टीम 18.5 ओवर में 124 रन पर ऑलआउट हो गई। सौरभ ने 41 रन बनाए। भदोही की ओर से नुमान रजा ने चार विकेट हासिल किए।

जवाब में भदोही की टीम 18.4 ओवर में 109 रन पर सिमट गई। नुमान रजा ने 39 रन बनाए। इस तरह मऊ ने भदोही को 15 रन से पराजित किया। मऊ की ओर से संदीप ने दो विकेट लिए।

        प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सभी टीमों के सदस्य मौजूद रहे।

सूचना प्रेषित किए जाने तक पुलिस लाइन मैदान पर जौनपुर और वाराणसी तथा पीजी कॉलेज मैदान पर सोनभद्र और चंदौली के बीच मुकाबले जारी रहे।

Views: 11


Leave a Reply