पच्चीस हजारी इनामियां बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

गाजीपुर। नंदगंज पुलिस ने सोमवार को धामपुर घरवा मोड़ के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान पच्चीस हजार रुपये के इनामियां वांछित अपराधी को घायलावस्था में गिरफ्तार करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओसियर बिंद (35 वर्ष) पुत्र नीर दयाल उर्फ निर्दयी बिंद, निवासी लखईपुर अवंती, थाना धीना, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद कि्र लिया।
पुलिस के मुताबिक अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना पर नंदगंज पुलिस टीम ने धामपुर घरवा मोड़ के पास घेराबंदी की थी। इसी दौरान वांछित आरोपित की पुलिस से मुठभेड़ हो गई, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपित थाना शादियाबाद में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में वांछित था और उस पर पच्चीस हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध चंदौली और गाजीपुर के विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट, भारतीय दंड संहिता तथा बीएनएस की धाराओं में कुल छह मामले दर्ज हैं।
घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में नंदगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की गयी। कार्रवाई करने वाली टीम में नंदगंज के थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव तथा पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Views: 8








