युवाओं को दी गई मतदाता अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी

विकसित भारत युवा संवाद में ‘नो योर वोट’ विषय पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

गाजीपुर। मेरा युवा भारत, गाजीपुर के तत्वावधान में बुधवार को सत्यदेव डिग्री कॉलेज में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘नो योर वोट’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदाता अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से संचालित युवा सहभागिता एवं नेतृत्व विकास संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग और विकसित भारत युवा संसद के उद्देश्यों एवं अवसरों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से इनमें सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता एवं यूथ आइकॉन सृजन चतुर्वेदी ने ‘नो योर वोट’ विषय पर संवाद करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आवश्यकता, उद्देश्य और प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाए रखने में एसआईआर के महत्व को समझाया। साथ ही मतदाता पंजीकरण, सूची में नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन कराने तथा निर्वाचन से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग की प्रक्रिया बताई।

उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं का समाधान संवैधानिक एवं वैधानिक माध्यमों से करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार ने युवाओं को लोकतांत्रिक शपथ दिलाते हुए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। दिग्विजय उपाध्याय ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं, मंच संचालन कर रहे सुभाष चंद्र प्रसाद ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी एवं संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने अपनी जिज्ञासाएं रखीं और उनके समाधान प्राप्त किए। कार्यक्रम में नवीन कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Views: 7


Leave a Reply