अनुशासन और राष्ट्रोत्थान के प्रति समर्पित संगठन है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ

जौनपुर। जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर एवं हथियाराम मठ के पीठाधीश्वर स्वामी भवानीनन्दन यति जी महाराज ने गुरुवार को जौनपुर जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यालय माधव संघ आश्रम का अनावरण किया।
      इस अवसर पर कार्यालय निर्माण में भूदान कर महत्त्वपूर्ण भूमिका निर्वहन करने वाले मनीषी, पूर्ववर्ती विभाग प्रचारकगण, अभियंता एवम् शिल्पी वृंद का पूज्य महाराज श्री द्वारा अभिनन्दन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्षीय उद्बोधन करते हुए महाराजा श्री ने कहा कि अनुशासन पूर्वक बोलने, सुनने और कार्य करने का वातावरण निर्मित करने वाली संस्था का नाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ है। आज हम यहां एकत्रित होकर विचार विनिमय कर रहे हैं तथा संघ के सिद्धान्तों को लक्ष्य को एवम् राष्ट्र भारत के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और समझाने की चेष्टा में लगे हुए हैं। यह केंद्र स्वयंसेवकों को आश्रय देने के साथ ही द्रुत गति से लक्ष्य प्राप्ति में सहाय बनेगा। मैं भारतीय साधु समाज का प्रतिनिधित्व करते हुए यहां उपस्थित हुआ हूं। मैं आप सबके व्यक्तिगत एवम् विस्तृत परिचय से तो अवगत नहीं हूं परन्तु यह अवश्य जानता हूं कि आपसब सनातन वैदिक सभ्यता के उत्कर्ष के लिए कार्य करने वाले लोग हैं।  समाज को आचार, विचार, व्यवहार की सीख देने के उद्देश्य से जिन महापुरुषों ने सत्तान्बे वर्ष पूर्व संघ की नीव रखी उनको मैं प्रणाम करता हूं। सहनावावतु सहनौ भुनक्तु के क्रियान्वयन में संघ लगा हुआ है। आज राष्ट्र भारत पुनः विश्व गुरू बनने की राह पर दिख रहा है तो उसके पीछे संघ की अनुशासित कार्यप्रणाली और शक्ति है। हमारे स्वयंसेवक विरक्त लोग हैं। परिश्रम का पारिश्रमिक संसार नहीं देता है लेकिन परमात्मा उसका सुफल अवश्य देता है। योगेश्वर श्रीकृष्ण भी गीता में फल की इच्छा के बिना कर्म का सन्देश देते हैं। हमारे स्वयंसेवक बन्धु इच्छा रहित कर्म को जीवन का ध्येय बना कर आगे बढ रहे हैं जिसका लाभ समाज को मिलता दिखाई दे रहा है। इस अवसर पर क्षेत्र कार्यवाह वीरेन्द्र जायसवाल, प्रान्त संघ चालक डा विश्वनाथ लाल निगम, प्रान्त कार्यवाह मुरलीपाल विभाग संघ चालक सच्चिदानंद राय, काशी प्रान्त प्रचारक रमेश जी, अशोक उपाध्याय क्षेत्र कुटुम्ब प्रबोधन प्रमुख पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र , डा संतोष सिंह यादव, सह विभाग कार्यवाह डा आनन्द कुमार, डा नागेन्द्र सिंह,पी जी कालेज भुड़कुड़ा के प्राध्यापक डा संतोष कुमार मिश्र आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Views: 108

Leave a Reply