साली से मजाक पड़ा भारी, मिली अस्पताल की सवारी

गाजीपुर। पति के सम्मुख साली से मजाक करना जीजा को भारी पड़ गया। क्रुद्ध साली के पति ने अपने साढ़ू को छूरा घोंप कर घायल कर दिया। लहुलुहान साढ़ू को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 


      घटना जंगीपुर थाना क्षेत्र के धुरेहरा गांव की है। बताया गया कि पप्पू बनवासी पिछले 30 वर्षों से धुरेहरा गांव में अपने ननिहाल में रहता है। रविवार को एक शादी कार्यक्रम में उसकी साली अपने पति सदर कोतवाली क्षेत्र के बुजुर्गा निवासी अशोक बनवासी के साथ आयी थी। जहां पप्पू से उसकी भेंट हो गयी। दोनों साढ़ू एक साथ बैठकर शराब पीने लगे। इसी बीच पप्पू बनवासी ने साढ़ू अशोक वनवासी के सामने ही उसकी पत्नी से मजाक कर बैठा जो साली के पति को खल गया। मजाक को लेकर दोनों में कहासुनी भी हुई थी। 

      रात में पप्पू बनवासी सोने चला गया। वह घर के बाहर सो रहा था। रात करीब 11 बजे अशोक बनवासी ने पप्पू बनवासी की गर्दन पर चाकू मार कर उसे घायल कर दिया। लहुलुहान अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल पप्पू के पिता गिरजा बनवासी की तहरीर पर जंगीपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जंगीपुर थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि घायल के पिता के पिता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है।

Views: 10

Advertisements

Leave a Reply