मुठभेड़ में गौ तस्कर घायलावस्था में गिरफ्तार, गौवंश बरामद
गाजीपुर। अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मरदह थाना पुलिस टीम ने शातिर गौ तस्कर को पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से टाटा कम्पनी का एक ट्रक व तीस गोवंश तथा एक देशी तमंचा .315 बोर मय खोखा कारतूस बरामद किया। घायल अभियुक्त जावेद आलम पुत्र नियाज अहमद ग्राम पारा थाना सरायमीर जिला आजमगढ़ का निवासी है और उस पर गैंगस्टर सहित कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।
बताया गया कि रविवार को प्रभारी निरीक्षक मरदह पवन कुमार उपाध्याय मय टीम द्वारा दौराने रात्रि गश्त चौकी मटेहूँ के तरफ मौजूद थे। मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रक में गोवंश लादकर ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर ट्रक को रोकवाने का प्रयास किया गया, तो ट्रक चालक अपना ट्रक लालापुरवा नहर रोड़ पर मोड़ कर उक्त ट्रक को खड़ा कर वहाँ से भाग निकला। पुलिस द्वारा ट्रक यूपी 62 टी 6375 से 17 जीवित व 13 मृत गो वंश बरामद किया। भागे चालक की तलाश करते हुए रायपुर, बाघपुर पहुँचने पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर अभियुक्त द्वारा पुलिस टीम पर फायर किया गया, पुलिस टीम द्वारा की गयी फायरिंग में अभियुक्त के बायें पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। घायल अभियुक्त को इलाज हेतु सीएचसी मरदह भेजा गया।
पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में थाने पर आर्म्स एक्ट व गोवध निवारण अधिनियम का अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की गयी।
Views: 40









