सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 392 शिकायतों में से मौके पर 32 का निस्तारण
गाजीपुर। सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जखनियॉ में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु आयोजित कार्यक्रम में 137 शिकायती प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर सात मामलों का निस्तारण किया गया।
जिले की सभी सात तहसीलों की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 392 शिकायती प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 32 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
उल्लेखनीय है कि तहसील सदर में 38 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील मुहम्मदाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्राप्त 62 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से आठ का, जमानियॉ तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्राप्त 35 शिकायतों में से तीन का, तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्राप्त 49 शिकायतों में से चार का, तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्राप्त 26 शिकायतों में से दो का एवं तहसील सेवराई में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्राप्त 45 शिकायतों में से चार मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते हैं, इस लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। वहीं तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतकर्ताओं की छोटी-छोटी समस्याएँ जिसका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है उसे निस्तारित करेें, और किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाये। इस अवसर पर , उपजिलाधिकारी जखनियॉ, तहसीलदार जखनियॉ, क्षेत्राधिकारी जखनियॉ एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Views: 11









