पर्यावरण संरक्षण हेतु स्कूल में किया पौधरोपण, बच्चों को बांटी पाठ्य सामग्री
बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह की पत्नी रेखा सिंह ने लोगों को किया जागरूक
गाजीपुर। बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह की पत्नी रेखा सिंह ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कार्यों के प्रति जागरूक करने के लिए सराहनीय पहल की है। उन्होंने अपनी ससुराल सादात क्षेत्र के हुरमुजपुर के प्राथमिक विद्यालय परिसर में फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधारोपण के उपरान्त उन्होंने वहां मौजूद ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को पर्यावरण का महत्व समझाते हुए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पौधा रोपण के उपरान्त पौधों की देखभाल भी आवश्यक है ताकि बड़े होकर वे पर्यावरण की सुरक्षा करते हुए हमें फल भी प्रदान कर सकें। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को पौधों की देखभाल और उनके पूरी तरह विकसित होने तक संरक्षण करने का संकल्प दिलाया।
बताते चलें कि बुलंदशहर में एसएसपी के पद पर तैनात दिनेश कुमार सिंह ने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा इसी प्राथमिक विद्यालय से शुरू की थी। अपनी जड़ों से जुड़ाव रखते हुए इस विद्यालय के विकास के लिए यह पहल की गई। इस अवसर पर रेखा सिंह ने प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को टॉफियां व पठन सामग्री वितरित की। उन्होंने विद्यालय के विकास और छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए आगे भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस सकारात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम की सभी ग्रामीणों ने सराहना की। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदयभान सिंह, सहायक अध्यापक समोद यादव, प्रतिमा, इंदु यादव, कंचन सिंह सहित शिल्पी, डिंपी, किरन और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Views: 1








