रोडवेज बस बनी काल, दस मजदूरों को कुचला, छह की मौत,मुख्यमंत्री ने की आर्थिक मदद की घोषणा

मेरठ, 14 मई 2020। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बुधवार की अर्धरात्रि करीब एक बजे मुजफ्फरनगर- सहारनपुर स्टेट हाइवे पर पंजाब से वापस अपने घरों को लौट रहे मजदूरों को कुचलते हुए रोडवेज बस भाग निकली।
बताया गया कि बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले के कुछ मजदूर पंजाब से पैदल ही अपने घरों को वापस लौट रहे थे। उसी दौरान मेरठ के घलौली चेकपोस्ट से आगे रोहाना टोल प्लाजा के पास, पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित रोडवेज बस ने उन्हें कुचल दिया। इस भयंकर हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया। वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सभी मृतकों के शव पुलिस ने रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिटी कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने छह मजदूरों के मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो मजदूरों से बातचीत हुई। उन्होंने रोडवेज बस से हादसा होना बताया है। हादसे को अंजाम देने के बाद फरार रोडवेज बस को ट्रेस करने के लिए नाकाबंदी कर दी गई।
इस बीच, मुजफ्फरनगर सिटी कोतवाली पुलिस ने देर रात नाकेबंदी करते हुए खूनी रोडवेज बस को पकड़ ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वह आगरा के ताज डिपो की बस है।
इस दुर्घटना की जानकारी पर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटना में पंजाब से बिहार जा रहे प्रवासी कामगारों व श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रु. तथा गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रु. की आर्थिक मदद के निर्देश दिये। उन्होंने सभी घायलों का समुचित उपचार कराने तथा मृतकों के पार्थिव शरीर बिहार भेजने की व्यवस्था कराने और दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश मंडलायुक्त सहारनपुर को दिये हैं।

Views: 100

Leave a Reply