एमडीएम निधि के अनियमित आहरण में प्रधान और प्रधानाध्यापक दोनों जिम्मेदार
प्रधान और प्रधानाध्यापक दोनों से वसूली के आदेश
गाजीपुर। विकास खंड मनिहारी के कम्पोजिट विद्यालय हरिहरपुर में मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) निधि के अनियमित आहरण के मामले में ग्राम प्रधान और प्रभारी प्रधानाध्यापक दोनों को जिम्मेदार ठहराया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने विभागीय जांच और बैंक से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि दोनों से 1.37-1.37 लाख रुपये, कुल 2.75 लाख रुपये की वसूली के आदेश जारी किए गए हैं।
बीएसए के अनुसार, विद्यालय का एमडीएम खाता ग्राम प्रधान और प्रधानाध्यापक के संयुक्त हस्ताक्षर से संचालित होता है। ऐसे में किसी एक व्यक्ति के हस्ताक्षर से धनराशि निकालना संभव नहीं है। जांच में 25 फरवरी 2025 को 50 हजार रुपये और 25 मार्च 2025 को 2.25 लाख रुपये के दो विवादित चेक संयुक्त हस्ताक्षर से जारी होने की बात सामने आई। यूनियन बैंक की बुजुर्गा शाखा ने 12 नवंबर 2025 को लिखित रूप से प्रमाणित किया कि दोनों चेकों पर दर्ज हस्ताक्षर बैंक में उपलब्ध नमूना हस्ताक्षरों से मेल खाते हैं। जांच समिति को हस्ताक्षरों में कूटरचना के प्रमाण नहीं मिले।
उन्होंने बताया कि सितंबर 2025 में शिकायत मिलने के चार दिन के भीतर प्रभारी प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया। इसके बाद नौ अक्टूबर 2025 को खाते से धनराशि निकालने पर रोक लगा दी गई। मामले की जांच के लिए दो खंड शिक्षा अधिकारियों की समिति गठित की गई। समिति ने रसोइयों के बयान दर्ज किए और 16 जनवरी 2026 को दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर सुनवाई भी की।
जांच में पाया गया कि मार्च 2025 तक कन्वर्जन कॉस्ट और फलों का भुगतान पहले ही किया जा चुका था। इसके बावजूद जारी किए गए विवादित चेकों का उल्लेख निर्गत पंजिका में नहीं मिला। साथ ही निकाली गई धनराशि के खर्च से संबंधित संतोषजनक अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इन तथ्यों के आधार पर दोनों संयुक्त हस्ताक्षरकर्ताओं को अनियमित आहरण के लिए जिम्मेदार माना गया।
दोनों से होगी 2.75 लाख रुपये की वसूली
बीएसए ने बताया कि 28 फरवरी 2026 को प्रभारी प्रधानाध्यापक की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की गई। वहीं, पांच मार्च 2026 को पारित सकारण आदेश के तहत ग्राम प्रधान और प्रभारी प्रधानाध्यापक से 1.37-1.37 लाख रुपये की वसूली के निर्देश दिए गए। निर्धारित धनराशि जमा नहीं करने पर भू-राजस्व की भांति वसूली और प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मंडलीय स्तर पर प्रस्तुत अपील में विभाग का कोई आदेश निरस्त नहीं हुआ है।
फिलहाल वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) की ओर से मामले का अंतिम वित्तीय परीक्षण किया जा रहा है। बीएसए के मुताबिक, परीक्षण रिपोर्ट मिलने के सात दिनों के भीतर अंतिम आदेश पारित किया जाएगा।
बच्चों को नियमित मिल रहा मध्यान्ह भोजन
बीएसए ने स्पष्ट किया कि विद्यालय में बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार नियमित रूप से मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण से जुड़े इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रकरण की तथ्यात्मक रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है और संबंधित अभिलेख उच्च न्यायालय के समक्ष भी प्रस्तुत किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि एमडीएम की धनराशि बच्चों के पोषण के लिए है और सरकारी धन की वसूली सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी अनियमितता की शिकायत विभागीय कार्यालय अथवा आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई जा सकती है।
Views: 10










