गांव में तेंदुए की मौजूदगी से दहशत
पगचिन्हों के आधार पर वन विभाग का सर्च अभियान
गाजीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैली हुई है। वन विभाग की टीम खेतों और झाड़ियों में मिले पगचिन्हों के आधार पर तेंदुओं की तलाश में जुटी है। वन विभाग की ओर से नर और मादा तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के कोटेदार खूबे लाल सिंह और अवध राज सिंह के घर के अंदर से बच्चों ने तेंदुए की तस्वीर अपने मोबाइल फोन में कैद की। तस्वीर सामने आने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना बहरियाबाद पुलिस को दी। बताया गया कि दो दिन पहले दरोगा सिंह और शैलेश सिंह के खेत में धान की कटाई कर रहे हार्वेस्टर चालक ने एक साथ तीन तेंदुए देखे थे, लेकिन उस समय ग्रामीणों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया था।
शुक्रवार देर रात सूचना मिलने पर आजमगढ़ और सैदपुर से वन विभाग के अधिकारी अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम ने टॉर्च और अन्य उपकरणों की मदद से खेतों और झाड़ियों में तलाश की। शनिवार सुबह भी सर्च अभियान जारी रहा। इस दौरान खेतों की गीली मिट्टी में तेंदुए के पगचिन्ह मिले।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को रात में अकेले घर से बाहर नहीं निकलने और खेतों की ओर जाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेंदुओं की तलाश जारी रहने से गांव और आसपास के इलाकों में लोगों की चिंता बनी हुई है।
Views: 1









