मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान

सभी मतदेय स्थलों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ, नए नाम जोड़ने और संशोधन के लिए मिलेंगे फॉर्म


गाजीपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिले के सभी मतदेय स्थलों पर 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे। नागरिक इस दौरान मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने के साथ जरूरी संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। सभी बूथों पर 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम हटाने और विवरण में संशोधन के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भी रखे जाएंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित होगी। इसके अलावा जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से भी जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सकेगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन तथा निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 और किसी अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे 28 और 29 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। साथ ही परिवार और आसपास के पात्र नागरिकों को भी जागरूक करें, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

Views: 34


Leave a Reply