नवगीत भारतीय काव्य परंपरा का सातत्य और लोकसंवेदना का सशक्त माध्यम
राष्ट्रीय संगोष्ठी में विद्वानों ने नवगीत के स्वरूप, शिल्प और समकालीन प्रासंगिकता पर रखे विचार
गाजीपुर। केंद्रीय हिंदी निदेशालय, भारत सरकार और स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के दूसरे दिन ‘हिंदी नवगीत परंपरा और पूर्वांचल के नवगीतकार’ विषय पर देशभर से आए साहित्यकारों, कवियों और समालोचकों ने नवगीत के स्वरूप, विकास, शिल्प और समकालीन प्रासंगिकता पर विचार-विमर्श किया। विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने नवगीत को भारतीय लोकजीवन, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक संवेदनाओं की प्रभावशाली अभिव्यक्ति बताया।
महाविद्यालय के सचिव एवं प्रबंधक तथा उत्तर प्रदेश के अपर महाधिवक्ता अजीत कुमार सिंह ने संगोष्ठी के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हिंदी साहित्य में नवगीत का विशिष्ट स्थान है। यह भारतीय समाज की संवेदनाओं, सांस्कृतिक मूल्यों, लोकजीवन और समकालीन परिस्थितियों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने केंद्रीय हिंदी निदेशालय के प्रति आभार जताते हुए संगोष्ठी में शामिल विद्वानों, साहित्यकारों, शोधार्थियों और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी साहित्य, शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा के शोध, संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े अकादमिक आयोजनों को प्रोत्साहित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की धरती साहित्यिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध रही है। यहां के नवगीतकारों ने अपनी रचनाओं से हिंदी साहित्य को नई दिशा और पहचान दी है। ऐसी संगोष्ठियां साहित्यिक विमर्श को समृद्ध करने के साथ नई पीढ़ी को भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करती हैं।
प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने छंद परंपरा की व्यापकता पर चर्चा करते हुए कहा कि पिंगल शास्त्र में लगभग डेढ़ लाख छंदों का उल्लेख है। विश्व के प्रमुख छंदोबद्ध काव्य साहित्य की छंद परंपरा का संबंध भारत से रहा है। उन्होंने अकादमिक जगत के लोगों से नवगीत परंपरा का गंभीरता से अध्ययन करने की आवश्यकता जताई।
सत्र की अध्यक्षता कर रहे मिर्जापुर के वरिष्ठ नवगीतकार गणेश गंभीर ने नवगीत के मूल तत्वों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके तीन आधारभूत गुण बिंबधर्मिता, अन्विति और संक्षिप्ति हैं। लय नवगीत का शील है, शासक नहीं। उन्होंने कहा कि कविता की उपेक्षा करने वाला समाज अपनी सांस्कृतिक चेतना को कमजोर करता है। नवगीत इस प्रवृत्ति के विरुद्ध भारतीय काव्य चिंतन की परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
बीज वक्तव्य देते हुए इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर भूरेलाल ने कहा कि कविता और साहित्य की रचना गंभीर सांस्कृतिक कर्म है। उन्होंने नवगीत की आलोचना परंपरा और उसकी वैचारिक सीमाओं की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि नवगीत अपने भीतर से एक बड़ा आलोचक विकसित नहीं कर सका और न ही मनुष्य की एक मुकम्मल परिभाषा गढ़ पाया। उनके अनुसार कोई भी आंदोलन बाहरी विरोध के कारण नहीं, बल्कि अपनी आंतरिक कमजोरियों से समाप्त होता है।
मिर्जापुर से आए प्रोफेसर भुवनेश्वर दुबे ने नवगीत को भारतीय संवेदना और मिठास की अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि नवगीत में भारतीयता का आग्रह, पर्यावरण चेतना, जीवन विमर्श और जीवन जीने की कला से जुड़े सूत्र मौजूद हैं। यह बदलते समय के अनुरूप नई ताजगी के साथ जीवन के विविध पक्षों को अभिव्यक्त करता है।
बलिया से आए प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सहज संप्रेषणीयता के कारण नवगीत भारतीय जनमानस में गहराई से रचा-बसा है। समकालीन जनजीवन की विसंगतियों के साथ पारिवारिक जीवन के मधुर और कटु अनुभवों को भी नवगीतों में प्रभावशाली ढंग से स्थान मिला है।
स्थानीय विषय विशेषज्ञ के रूप में लेखक एवं समालोचक माधव कृष्ण ने नवगीत आंदोलन की आवश्यकता और उसकी आलोचना परंपरा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नवगीत जैसी सशक्त काव्य विधा को आंदोलन के रूप में स्थापित करने की जरूरत क्यों पड़ी, इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। नवगीत परंपरा के मूल्यांकन से ऐसी आलोचना विकसित हो सकती है, जो साहित्य के कथ्य, शिल्प, काल और दृष्टिकोण में हो रहे परिवर्तनों को आत्मसात करते हुए साहित्य की धारा को नई दिशा दे और उसे मनुष्य के अधिक निकट पहुंचाए।
प्रथम तकनीकी सत्र का संचालन स्वामी सहजानंद सरस्वती महाविद्यालय के हिंदी आचार्य डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ‘अनंग’ ने किया। संगोष्ठी में देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिक्षक, शोधार्थी, साहित्यकार और साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
Views: 0










