राष्ट्रीय लोक अदालत में 12 दिसंबर को
आमजन को सुलह-समझौते से विवाद सुलझाने का मिलेगा अवसर
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में आगामी 12 दिसंबर को जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जनपद न्यायालय गाजीपुर, बाह्य न्यायालय सैदपुर व मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां और जमानियां के साथ विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों में भी मामलों का निस्तारण किया जाएगा। लोक अदालत की तैयारियों और अधिकाधिक वादों के निस्तारण को लेकर बुधवार को जनपद न्यायालय के दसकक्षीय सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं लोक अदालत के नोडल अधिकारी शक्ति सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास सहित आबकारी, महिला कल्याण, राज्य कर, श्रम, शिक्षा, समाज कल्याण और खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी व प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में 12 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए विभागों की भूमिका और तैयारियों पर चर्चा की गई।
सचिव बलराम दास ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु दांडिक वाद, पारिवारिक विवाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138, स्टाम्प एवं पंजीयन, मोटर दुर्घटना, चकबंदी, श्रम, उपभोक्ता, बाट-माप, कराधान और बिजली चोरी से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जा सकता है। इसके अलावा सुलह-समझौते और मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवादों को भी निस्तारित कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि संबंधित विभाग और संस्थाएं अपने स्तर से लंबित एवं समझौता योग्य मामलों को चिह्नित कर लोक अदालत में प्रस्तुत करें, ताकि अधिकाधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। अधिकारियों ने आपसी सहमति से विवादों के समाधान के लिए व्यापक प्रयास करने पर भी चर्चा की। बैठक में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता भी रही।
Views: 0










