आलू और धान की फसल में नुकसान पर किसानों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

गाजीपुर। खेती की बढ़ती लागत और फसलों के उचित दाम नहीं मिलने से किसानों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। आलू की खेती में लागत के अनुरूप बाजार मूल्य नहीं मिलने और असमय बारिश से धान की फसल को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए शुक्रवार को रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर फसलों को हुए नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराने और प्रभावित किसानों को उचित क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों के अधिकारों के लिए आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया कि आलू की खेती किसानों के लिए घाटे का सौदा बनती जा रही है। प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक, आलू की बुवाई में प्रति बीघा करीब 20 हजार रुपये खर्च होते हैं। खेत का किराया जोड़ने पर यह लागत बढ़कर 35 से 40 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। इसके अलावा शीतगृह में भंडारण, परिवहन और ढुलाई का खर्च भी किसानों को उठाना पड़ता है। इसके बावजूद बाजार में आलू का भाव 350 से 400 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास मिलने से किसान लागत निकालने में भी असमर्थ हैं। ऐसी स्थिति में कई किसानों के सामने शीतगृहों में रखा आलू छोड़ने तक की नौबत आ रही है।
असमय बारिश से धान की फसल को नुकसान
प्रतिनिधिमंडल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में असमय बारिश से धान की फसल प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि बारिश के कारण खेतों में खड़ी और तैयार फसल को नुकसान पहुंचा है। कुछ स्थानों पर फसल खराब होने और सड़ने की स्थिति बनी है। एक ओर धान की फसल पर मौसम की मार पड़ी है, वहीं दूसरी ओर बाजार में उचित मूल्य नहीं मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति और कमजोर हो रही है।
नुकसान के आकलन के लिए अलग-अलग समितियां बनाने की मांग
ज्ञापन में आलू के बाजार मूल्य में गिरावट से हुए आर्थिक नुकसान और बारिश से धान की फसल को हुई क्षति का वास्तविक आकलन कराने के लिए अलग-अलग जिला स्तरीय समितियां गठित करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन समितियों में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किसानों को भी शामिल किया जाए, जिससे नुकसान का निष्पक्ष आकलन हो सके। जांच रिपोर्ट शासन को भेजने के साथ उसे सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई गई, ताकि राहत और क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
फसल बीमा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
प्रतिनिधिमंडल ने फसल बीमा योजना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसान कृषि ऋण के साथ बीमा प्रीमियम भी जमा करते हैं और सरकार की ओर से बीमा कंपनियों को सब्सिडी भी दी जाती है। ऐसे में फसल क्षति होने पर पात्र बीमित किसानों को नियमानुसार मुआवजा मिलना चाहिए। इसके अलावा आलू किसानों को राहत देने, भंडारण में सहयोग तथा बीज और खाद की सहायता के लिए घोषित भामाशाह योजना का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने की मांग की गई। धान की फसल को हुए नुकसान के मद्देनजर शासन से राहत राशि जारी कराने पर भी जोर दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. शम्मी सिंह, पूर्व छात्र नेता सत्येंद्र कुशवाहा, पूर्व महामंत्री शशांक उपाध्याय, पूर्व छात्र नेता डॉ. अभिषेक राय और पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष राकेश कुमार मौर्य सहित अन्य लोग शामिल रहे।
Views: 12









