मां-बेटी का आरोपित हत्यारा मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार

पच्चीस हजार रुपये के इनामियां से तमंचा, कारतूस, मृतका का मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद 


गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव में घर के भीतर मां-बेटी की धारदार हथियार से हत्या के वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित को पुलिस ने शनिवार को दौराने मुठभेड़ घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

    बताते चलें कि धरवां गांव में 23 नवंबर की रात मां-बेटी की गला रेतकर हत्या की गई थी। इस दोहरे हत्याकांड में दर्ज मुकदमे में नामजद सोनू उर्फ परवेज (करीब 40 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय महमूद निवासी श्रीगंज, थाना नंदगंज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही थी। शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नंदगंज पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के पास से दवोपुर गांव जाने वाले कच्चे रास्ते पर उसे घेर लिया। वहां हुई मुठभेड़ में आरोपित घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

     पुलिस ने आरोपित के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा मृतका का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बताया जा रहा चापड़ भी बरामद होने की बात कही गई है। इस मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक औरंगजेब खां, कांस्टेबल जमील अंसारी, रोहित यादव, प्रदीप कुमार और मोहम्मद उमर शामिल रहे।

Views: 6


Leave a Reply