गोली चलाने का आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल
गाजीपुर। फर्नीचर व्यवसायी को जान से मारने व क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले एक अभियुक्त को कासिमाबाद कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बताते चलें कि कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज कस्बे में मंगलवार 18 अगस्त की रात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने दो बार फायरकर बाजार में दहशत फैला दी थी और फिर मौके से भाग निकले थे।
बताया गया कि मंगलवार की रात, हमलावर पहले बस स्टैंड के समीप, बहादुरगंज निवासी फर्नीचर व्यवसायी रमेश शर्मा की दुकान पर पहुंचे। वहां रमेश का छोटा बेटा सन्नी शर्मा दुकान पर बैठा था। वहां हमलावरों ने सन्नी पर फायर किया तो घर के भीतर भागकर उसने जान बचाई। उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 तथा बहादुर गंज पुलिस चौकी को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर ही रही थी कि बहादुरगंज पुलिस बूथ के पास बाइक सवार बदमाशों ने पुनः फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने इस मामले में शिवा यादव उर्फ शिवानंद पर गोली चलाने का आरोप लगाया था। पुलिस मामले की तहकीकात कर मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की सुरागरसी में लगी थी। इक्कीस अगस्त को एक हमलावर की उपस्थिति की सूचना मुखबिर ने पुलिस को दी। सटीक सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे मय हमराह के साथ, वांछित चल रहे अभियुक्त मु. हसनैन पुत्र अरमान अहमद निवासी वार्ड 02 कस्बा बहादुरगंज थाना कासिमाबाद जनपद गाजीपुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य हमलावरों की सुरागरसी में लगी हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय के सुपुर्द किया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में चौकी प्रभारी बहादुरगंज उपनिरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे मय हमराह थाना कासिमाबाद गाजीपुर शामिल रहे।
Views: 2









