अवैध गांजे संग अभियुक्ता गिरफ्तार, पति फरार
गाज़ीपुर। अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत बहरियाबाद थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए साढ़े पांच किलो से अधिक नाजायज गाँजे के साथ एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। अवैध गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 01 लाख 40 हजार बताई गयी है।
पुलिस टीम को यह सफलता मुखबिर की सूचना पर दौराने चेकिंग संदिग्ध व्यक्ति/वाहन के समय मिली। गुरुवार को थानाध्यक्ष बहरियाबाद कृष्ण प्रताप सिंह व उपनिरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा मय हमराह द्वारा अभियुक्ता संगीता यादव को उसके घर चौखड़ा (वृन्दावन) से अभिरक्षा में लिया गया। उसके कब्जे से प्लास्टिक की बोरी में 05 किलो 600 ग्राम नाजायज गाँजा बरामद हुआ। उसके सम्बन्ध में अभियुक्ता द्वारा बताया गया कि मेरे पति संजय यादव गांजा लाते हैं। मै उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाती हूँ। उसके बाद मेरे पति बेचते हैं।
इसके सम्बन्ध में अभियुक्तगण संगीता यादव पत्नी संजय यादव व संजय यादव पुत्र स्व0 कुहेश यादव निवासीगण चौखड़ा (वृन्दावन) थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर के विरूद्ध थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर में मादक पदार्थ अधिनियम का अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तारशुदा अभियुक्ता को न्यायालय के सुपुर्द किया गया।
Views: 81









