चिकित्सक न होने से हाथी दांत बनकर रह गया है प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 

चिकित्सक की एसआईआर ड्यूटी, फार्मासिस्ट की सेवानिवृत्ति और एएनएम के स्थानांतरण से बढ़ी परेशानी


गाजीपुर। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित वीर अब्दुल हमीद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धामूपुर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने का मामला सामने आया है। प्रभारी चिकित्सक डॉ. अजय कुमार की एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य में जिला मुख्यालय पर ड्यूटी लगाए जाने के कारण पिछले 13 दिनों से मरीजों के उपचार में परेशानी होने की बात ग्रामीणों ने कही है। वहीं फार्मासिस्ट के सेवानिवृत्त होने और एएनएम के स्थानांतरण के बाद स्वास्थ्यकर्मियों की कमी भी बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, पीएचसी पर तैनात फार्मासिस्ट रामसुरेश चौरसिया करीब दो माह पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वहीं एएनएम का लगभग तीन माह पहले मीरजापुर जनपद स्थानांतरण हो गया। इसके बाद केंद्र पर आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता नहीं हो सकी है। अब प्रभारी चिकित्सक की एसआईआर ड्यूटी लगने से मरीजों की परेशानी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए भी मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पीएचसी पर उपचार नहीं मिलने के कारण कई लोगों को निजी चिकित्सकों का सहारा लेना पड़ रहा है। इलाज की उम्मीद लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाले मरीजों को कई बार बिना उपचार के ही लौटना पड़ रहा है।

इस संबंध में क्षेत्र के समाजसेवी अनिकेत चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक तथा जिलाधिकारी गाजीपुर से सोशल मीडिया के माध्यम से स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। इसके अलावा ऑनलाइन आईजीआरएस के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी दी गई है।

ग्रामीण पवन कुमार, सोहेल यादव, समाजसेवी अनिकेत चौहान, गौतम कुमार और दीपक चौहान ने स्वास्थ्य विभाग से पीएचसी धामूपुर में चिकित्सक सहित आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती कर जल्द से जल्द उपचार व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।

Views: 8


Leave a Reply