चक्रवाती तूफान अर्णव से भारी बारिश और तूफान की चेतावनी, 

तापमान में 6 से 9 डिग्री तक गिरावट की संभावना


गाजीपुर। मौसम विभाग, लखनऊ से प्राप्त सूचना के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से जनपद में 28 से 31 अक्टूबर तक मौसम में व्यापक बदलाव की संभावना जताई गई है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली, तेज एवं झोंकेदार हवाओं के साथ बेमौसम भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है।

        प्रशासन की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार 28 से 30 अक्टूबर के बीच मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है, जबकि 29 से 31 अक्टूबर तक व्यापक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में अचानक 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना भी जताई गई है। तेज हवाओं की स्थिति को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। मौसम विभाग द्वारा बताया गया है कि मौसम संबंधी चेतावनियों और प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं पर नजर रखें। तेज बारिश और आंधी के दौरान सुरक्षित भवन में रहें। जलभराव वाले क्षेत्रों से बचें। आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले स्थान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। वहीं अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। प्रशासन ने आकाशीय बिजली से संबंधित चेतावनियों के लिए दामिनी एप तथा आपदा संबंधी अलर्ट के लिए सचेत एप का उपयोग करने की सलाह दी है। आपात स्थिति में 112, 1077 अथवा 1070 पर संपर्क किया जा सकता है। लोगों से मौसम संबंधी चेतावनी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की गई है।

Views: 0


Leave a Reply