मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर एक नवम्बर को 

एक छत के नीचे सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल


गाजीपुर। जनपद न्यायालय परिसर में आगामी एक नवंबर को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां संबंधित अधिकारी आमजन को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करेंगे।

शिविर के आयोजन को लेकर मंगलवार को जनपद न्यायालय के दसकक्षीय सभागार में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह प्रथम की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विशेष रूप से महिलाओं, गरीब एवं कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें विधिक सहायता एवं विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि शिविर में जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों के कैंप लगाए जाएंगे। विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पात्र लोगों की समस्याओं और जरूरतों के अनुसार योजनाओं की जानकारी देंगे तथा लाभ दिलाने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे एक नवंबर को आयोजित शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। किसी प्रकार की असुविधा या जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

Views: 9


Leave a Reply