ई रिक्शा हेतु शहर में रुट निर्धारित
गाज़ीपुर। शहर में बेहतर यातायात संचालन हेतु पुलिस द्वारा ई रिक्शा चालकों का रूट निर्धारण किया गया है। शहर में ई-रिक्शा के सत्यापन के बाद जन-मानस के सुगम एवं सुरक्षित आवगमन हेतु नगर को चार ब्लॉको में विभाजित किया गया है। उन ब्लाकों पर अब निर्धारित रंग के ही ई-रिक्शा गमनागमन कर सकेंगे।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ब्लॉक ए (लाल रंग) का रूट लंका, सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज, खोवामण्डी से रौजा तक होगा इसके लिए कुल-779 ई रिक्शा का सत्यापन किया गया है। वहीं ब्लॉक बी (नीला रंग) का रूट लंका से सैनिक चौराहा, महराजगंज क्रासिंग से महराजगंज तक होगा और इसके लिए कुल-173 ई रिक्शा का सत्यापन किया गया है।
इसी प्रकार ब्लॉक सी (हरा रंग) का रूट लंका से पुलिस ऑफिस, अफीम फैक्ट्री, महुआबाग, मिश्र बाजार से चितनाथ तक निर्धारित किया गया है और इसके लिए कुल 316 ई रिक्शा का सत्यापन किया गया है। ये ई-रिक्शा लंका से विशेश्वरगंज की तरफ नहीं आ सकते परन्तु विशेश्वरगंज से लंका की तरफ जा सकते हैं। ब्लॉक डी (पीला रंग) वाले ई रिक्शा लंका से सांसद तिराहा, सिचाई विभाग, विकास भवन, पी०जी० कालेज चौराहा से आदर्श बाजार तक जायेंगे । इसके लिए कुल 350 ई रिक्शा का सत्यापन किया गया है।
बताया गया है कि अपने रूट से अन्य रूट पर चलने वाले ई-रिक्शा के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। वहीं मरीज या रिजर्व ले जा रहे ई-रिक्शा को वाहन पर रिजर्व या मरीज लिखना अनिवार्य होगा।
Views: 105