शहर के व्यस्त क्षेत्र में तड़तड़ाई गोली, जख्मी युवक ने तोड़ा दम, आरोपी फरार
गाजीपुर। हौसला बुलंद हमलावर ने मंगलवार की शाम शहर के मिश्र बाजार क्षेत्र में गोलीबारी कर सनसनी फैला दी। गले और सीने में गोली लगने से सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मुफ्तीपुरा निवासी 23 वर्षीय युवक मोहम्मद कौशेन पुत्र मु. दाऊद की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। आरोप है कि शुभम चौबे उर्फ लेखपाल ने अपने चार पहिया वाहन से उतरकर मोहम्मद कौशेन और उसके साथी हर्ष राय को निशाना बनाते हुए पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने से कौशेन गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में गंभीर रूप से घायल कौशेन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर तथा वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 818/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है।
Views: 3








