बस पलटने से तीन यात्रियों की गई जान, 44 घायल

लखनऊ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर सोमवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे, लखनऊ के पारा क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास सुबह, एक बस अचानक सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में जहां तीन यात्रियों की मौत हो गई, वहीं 44 अन्य घायल हो गए। यह बस भिवाड़ी (राजस्थान) से छपरा (बिहार) जा रही थी। मृतकों में से दो की पहचान की गई जिसमें छपरा निवासी शंकर रजक (63 वर्ष) और शामली राय (43 वर्ष) रहे तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास में प्रशासन जुड़ा हुआ है।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के अनुसार, हादसे में घायल तीन यात्रियों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। इनमें दो को लोकबंधु अस्पताल और एक को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचाया गया था। उन्होंने बताया कि 31 घायलों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि 13 अन्य को केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया गया जहां उनकी चिकित्सा जारी है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन के माध्यम से मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दी गयी है। उन्होंने हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। घायलों में से अधिकांश लोगों ने ड्राइवर के शराब के नशे में होने की बात बताई है। मीडिया कवर इस आरोप की पुष्टि नहीं करता है। उप मुख्यमंत्री ने एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए संबंधित जिलों के प्रशासन और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को निगरानी बढ़ाने तथा वाहन चालकों को सतर्क करने के निर्देश दिए हैं।
Views: 0








