स्कॉर्पियो से 34 किलो गांजा बरामद, दो युवक गिरफ्तार
बरामद गांजे की कीमत 17.15 लाख रुपये आंकी गई
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जंगीपुर थाना पुलिस ने शनिवार को अरसदपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 34 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 17 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी कब्जे में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के मुगलपुरा उर्फ मुहम्मदाबाद निवासी रमेश कुमार पुत्र हरिलाल साहनी तथा राजघाट थाना क्षेत्र के अमरूद मंडी निवासी राहुल राठौर पुत्र जुगनू राठौर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ जंगीपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गयी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक पन्नेलाल यादव और जंगीपुर थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Views: 0









