तमंचा कारतूस के साथ अभियुक्त गिरफ्तार 

गाजीपुर। सैदपुर भीतरी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा, विभिन्न थानों में दर्ज हैं 11 मुकदमे


गाजीपुर। सैदपुर पुलिस ने शुक्रवार को सैदपुर भीतरी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपित के पास से .315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक मनोज कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर परमेश जायसवाल (42) को पकड़ा गया। वह आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र के धरहरा गांव का निवासी है।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर सैदपुर थाने में मुकदमा संख्या 365/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, आरोपित के विरुद्ध गाजीपुर, आजमगढ़ और चंदौली के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, चोरी तथा बीएनएस की धाराओं में पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं। ताजा गिरफ्तारी के मामले को मिलाकर उसके विरुद्ध दर्ज मुकदमों की संख्या 11 बताई गई है।

Views: 1


Leave a Reply