खाद्य विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप
विशेष अभियान में खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला गये
गाजीपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को जिले के विभिन्न बाजारों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नौ नमूने संग्रहित किए गए, जबकि मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए 84 किलोग्राम छेना मिठाई, गुलाब जामुन, रसगुल्ला और शीरा को नष्ट कराया गया। नष्ट कराए गए खाद्य पदार्थों का अनुमानित मूल्य 17,140 रुपये बताया गया है।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय आरसी पांडेय के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया।
खाद्य विभाग की टीम ने जमानिया क्षेत्र के बरुईन रावल स्थित आराध्या ट्रेडर्स से सूजी और किशमिश के नमूने लिए। पांडेय मोड़ पर अजय सिंह यादव के प्रतिष्ठान से बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। दैतरा बरेसर स्थित यादव मिष्ठान भंडार से पांच किलोग्राम छेना मिठाई नष्ट कराई गई।
दुल्लहपुर और जखनिया क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। नायकडीह हाल्ट स्थित आदित्य स्वीट हाउस से छेना मिठाई का नमूना लिया गया। दुल्लहपुर बाजार के चौहान स्वीट हाउस से सात किलोग्राम छेना मिठाई तथा रामविजय प्रजापति के निर्माण प्रतिष्ठान से छह किलोग्राम छेना मिठाई और 20 किलोग्राम शीरा नष्ट कराया गया।
सैदपुर क्षेत्र के सिधौना स्थित महादेव मिष्ठान भंडार से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया और आठ किलोग्राम गुलाब जामुन नष्ट कराया गया। सैदपुर बाजार के रामकरन मिष्ठान भंडार से छेना तथा धर्मागतपुर बाजार में उमेश कुमार के प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। दाढ़ी मोड़ स्थित अमित स्वीट हाउस से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया।
इसके अलावा बद्धोपुर बाजार स्थित पप्पू स्वीट हाउस से 21 किलोग्राम रसगुल्ला और अभिषेक स्वीट हाउस से 17 किलोग्राम गुलाब जामुन नष्ट कराया गया। कासिमाबाद क्षेत्र के सिधागर चट्टी स्थित वैष्णो स्वीट्स से बेसन के लड्डू का नमूना लिया गया।
विभाग के अनुसार संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त, विपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया और अमरनाथ शामिल रहे।
Views: 8










