दो किलो हेरोइन के साथ चार अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

जंगीपुर क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी, बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब चार करोड़ रुपये
गाजीपुर। स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में चार तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.904 किलोग्राम हेरोइन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर अरशदपुर तिराहे के पास कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान के कैमूर-भभुआ जिले के कुड़नी थाना क्षेत्र के बनका बउआरा निवासी नईम के पुत्र जमीर हवारी (25वर्ष), कैमूर-भभुआ जिले के नुवाँव थाना क्षेत्र के ग्राम कारी राम निवासी बबलू कुमार यादव (25 वर्ष)पुत्र रमाकान्त सिंह तथा वहीं के गुलशन कुमार (22 वर्ष) पुत्र वकील सिंह और तथा गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी विवेक यादव (20वर्ष) पुत्र विनोद यादव के रूप में की गयी।
इस मामले में जंगीपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क तथा अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी व बरामदगी की कार्रवाई में स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बालियान और जंगीपुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।
Views: 17








