मुख्यमंत्री ने सुनीं 125 फरियादियों की समस्याएं

जनता दर्शन में दिए समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश


गोरखपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए करीब 125 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। 

    मुख्यमंत्री ने फरियादियों की शिकायत सुन संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और कार्रवाई का लाभ पीड़ितों को मिलना चाहिए।

     जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी जरूरतमंद का इलाज बाधित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को संबंधित अस्पतालों से मरीजों के उपचार का अनुमानित खर्च तैयार कराकर शासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आर्थिक सहायता की प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने की हिदायत भी दी। 

      उल्लेखनीय है कि गत दो नवंबर को आयोजित जनता दर्शन में योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनी थीं। उस दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के गलत निस्तारण की रिपोर्ट लगाए जाने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

Views: 1


Leave a Reply