जुआ खेलने के दौरान चली गोली, दो युवक जख्मी
मोहांव के पासीपुरवा में हुई घटना, एसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच
गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहांव गांव स्थित पासीपुरवा में सोमवार की रात जुआ खेलने के दौरान गोली चलने से दो युवक जख्मी हो गए। दोनों को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे तालाब के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान ग्राम सभा बकराबाद के प्रधान संजय बिन्द अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि इसी बीच संजय बिन्द ने पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने से सुरेंद्र के दाहिने हाथ और अजय कुमार के पेट के बाईं ओर चोट आई।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण किया और जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस मामले की जांच करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

Views: 6








