माफिया मरहूम मुख्तार अंसारी के शार्प शूटर की करोड़ों की सम्पत्ति कुर्क 

गाजीपुर। पुलिस द्वारा आईएस -191 गैंग सरगना कुख्यात माफिया डॉन मरहूम मुख्तार अंसारी के मुख्य शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन पुत्र सर्वदेव राय निवासी शेरपुर खुर्द थाना भांवरकोल जनपद गाजीपुर द्वारा संगठित अपराध से अर्जित धन के माध्यम से अपनी पत्नी सरिता राय के नाम से क्रय की गई अचल सम्पत्ति को कुर्क कर जब्तीकरण की कार्यवाही की गयी। कुर्क की गयी अचल सम्पत्ति की अनुमानित कीमत 9.5 करोड़ रुपये है। अंगद राय पर गैंगस्टर सहित विभिन्न अपराधिक मामलों में दो दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं।


       यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर द्वारा प्रेषित आख्या पर पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई संस्तुति के आधार पर जिलाधिकारी द्वारा पारित कुर्की आदेश अंतर्गत धारा 14(1) उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत सोमवार को कुर्क की गयी।

    उल्लेखनीय है कि अभियुक्त अंगद राय उर्फ झूलन पुत्र सर्वदेव राय निवासी ग्राम शेरपुर खुर्द थाना भांवरकोल  जनपद गाजीपुर द्वारा संचालित गैंग लोक व्यवस्था को अस्त-व्यस्त करने, अपने तथा गैंग के अन्य सदस्यों के लिए आर्थिक,भौतिक व दुनियाबी लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से अपराधिक कार्य तथा समाज विरोधी क्रियाकलापों से अर्जित अचल संपत्ति जो कि अपनी पत्नी सरिता राय के नाम से क्रय किया था। कुर्क की गयी भू-सम्पत्ति अभियुक्त अंगद राय की पत्नी सरिता राय के के नाम से विक्रेता उर्मिला राय पत्नी रामजी राय निवासी दोनपाह  तहसील मुहम्दाबाद जनपद गाजीपुर से प्रतिफल नौ लाख, मौजा गिरधरिया  परगना व तहसील मुहम्दाबाद जनपद गाजीपुर में  आराजी नं. 207 में से 127 वर्गमीटर है, जिसमें 63 वर्गमीटर में द्वितीय श्रेणी का निर्माण आवासीय प्रयोग के लिए है। जिसके 100 मीटर की त्रिज्या में व्यवसायिक गतिविधि होती है,जो चिन्हित मार्ग पर है, को क्रय किया गया था। उसकी चौहद्दी पूरब मकान धनपद,पश्चिम मकान मीरा देवी, उत्तर खेत जगत नारायण, दक्षिण क्रेती मौजा हैदरिया है। जिसका अनुमानित मूल्य रू0 9 करोड़ 50 लाख रूपये है। 

       जब्तीकरण की कार्यवाही में तहसीलदार मुहम्मदाबाद महेन्द्र बहादुर, थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक रोहित मिश्र मय पुलिस टीम थाना भांवरकोल जनपद गाजीपुर, चौकी इंचार्ज रजागंज उपनिरीक्षक अभिनव गुप्ता मय पुलिस टीम थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर तथा क्षेत्रीय लेखपाल संतोष राय सहित अन्य सम्बंधित लोग उपस्थित रहे।

Views: 25


Leave a Reply