गाजीपुर को हरा बलिया ने जीती क्रिकेट प्रतियोगिता 

फाइनल में तीन विकेट से दी शिकस्त, प्रदीप यादव बने मैन ऑफ द मैच और आजमगढ़ के विकास यादव को मिला मैन ऑफ द सीरीज का खिताब


गाजीपुर। पुलिस लाइन के क्रिकेट मैदान में आयोजित वाराणसी जोन की 27वीं अंतरजनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का खिताब बलिया पुलिस की टीम ने अपने नाम कर लिया। गुरुवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में बलिया ने मेजबान गाजीपुर पुलिस को तीन विकेट से पराजित किया। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया।

       फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गाजीपुर पुलिस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाए। गाजीपुर की ओर से कलीम अख्तर ने 50 गेंदों पर सर्वाधिक 60 रन की पारी खेली। बलिया की ओर से दिनेश ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

   वहीं 142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलिया की टीम ने 19.2 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बलिया की ओर से प्रदीप यादव ने 36 गेंदों पर 43 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। गाजीपुर की ओर से अरुण यादव ने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए प्रदीप यादव को फाइनल का मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर आजमगढ़ के विकास यादव को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।

    प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के सभी 10 जनपदों—गाजीपुर, वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और चंदौली की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। खिताबी जीत के साथ बलिया की टीम ने विजेता चल वैजयंती अपने नाम की, जबकि गाजीपुर की टीम उपविजेता रही।

समापन समारोह में सभी प्रतिभागी टीमों ने मार्च-पास्ट किया। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल कौशल और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ ही आपसी तालमेल तथा अनुशासन को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी जोन और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन, प्रतिसार निरीक्षक, विभिन्न सर्किलों के क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और पत्रकार बन्धु मौजूद रहे।

Views: 4


Leave a Reply