गाजीपुर पुलिस ने 251 खोए मोबाइल लौटाए
स्वाट और सर्विलांस सेल द्वारा इस वर्ष अब तक 859 मोबाइल बरामद
गाजीपुर। धनतेरस और दीपावली से पहले पुलिस ने लोगों को उनके खोए कुल 251 मोबाइल फोन बरामद कर गुरुवार को संबंधित आवेदकों को सौंपे। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 58 लाख 23 हजार 200 रुपये है। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट और सर्विलांस सेल ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों की मदद से मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में गुरुवार को सभी 251 मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए।
पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने उक्त जानकारी देते हुए कहा कि एक जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 तक स्वाट और सर्विलांस सेल की टीम कुल 859 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 99 लाख 28 हजार 800 रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बालियान, मुख्य आरक्षी सन्नी कुमार नागर तथा आरक्षी सौरभ सिंह, विकेश कुमार, दिनेश सिंह, निर्भय सिंह, मयंक सिंह और विवेक यादव शामिल रहे।
Views: 15








