क्रेता विक्रेता परेशान, खतौनी की भूल सुधार में वर्षों से करा रहे मुसक परिक्रमा
गाजीपुर। प्रदेश की योगी सरकार द्वारा फरियादियों को वरियता के आधार पर सुनकर उनकी समस्याओं के निराकरण करने के आदेश भले ही अधिकारियों को दिए गए हैं लेकिन आज भी फरियादियों को सरकारी दफ्तरों का चक्कर लगवाए जा रहे हैं। कर्मचारियों की मनमानी से अधिकारियों के आदेश मात्र दिखावा भर हैं।
जखनियां तहसील क्षेत्र के खड़ौरा गांव निवासी गौरीशंकर पांडेय ने बताया कि मेरे द्वारा माता प्यारी देवी ट्रस्ट संस्थान के अध्यक्ष नरेन्द्र चौहान को वर्ष 2019 मे अपनी भूमि विक्रय की थी। जमीन स्टाम्प पेपर में सही उल्लिखित होने के बावजूद तहसील कर्मियों की लापरवाही से खतौनी में भारी त्रुटि करते हुए मेरे नाम की सम्पूर्ण भूमि ही खारिज कर दी गई। बैनामा दस्तावेज में गाटा संख्या ब से सम्पूर्ण अंश तथा शेष गाटा संख्या अ से उल्लिखित है।
इसके बाद उन्होंने तहसीलदार जखनियां के यहां दर्जनों बार खतौनी संसोधन के लिए प्रार्थना पत्र दिया। तहसीलदार के आदेश के बावजूद समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका क्योंकि लेखपाल चन्द्रजीत राम को रिपोर्ट देने के लिए आदेशित किए जाने के बावजूद भी आज तक रिपोर्ट नहीं लगाई गयी। इस सम्बन्ध में जमीन क्रेता नरेन्द्र चौहान ने भी बताया कि हमे बार बार दौड़ाया जा रहा है। संबंधित लेखपाल कभी जलालाबाद तो कभी घर पर बुलाता है। लंबे दिनों से आज कल का हवाला देकर रिपोर्ट लगाने का झूठा भरोसा दिया जाता है। वर्षों बीतने के बाद भी आज तक सुधार नहीं किया जा सका। पीड़ित पक्ष ने यथाशीघ्र समस्या का समाधान करने की मांग की है।
Views: 14









